Tesla भारत में एंट्री करने जा रही है। कंपनी का पहला शोरूम मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में बनना शुरू हो गया है। यहां 4000 स्क्वायर फीट में यह शोरूम तैयार हो रहा है। दूसरा शोरूम दिल्ली के एयरोसिटी में खुलेगा। दोनों शोरूम जुलाई 2025 तक शुरू हो सकते हैं।
Tesla भारत में अपनी मेड-इन-चाइना इलेक्ट्रिक SUV Model Y से शुरुआत करेगी, जिसे शंघाई फैक्ट्री से इंपोर्ट किया जाएगा। इन कारों की कीमत भारत में ₹48 लाख से शुर हो सकती है।
Model Y दुनिया की सबसे ज्यादा बिकने वाली इलेक्ट्रिक कार है और भारत के ग्राहकों को लुभाने की क्षमता रखती है। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल बाजार है, जिससे Tesla को यहां बड़ी संभावना दिख रही है, खासकर यूरोप और चीन में बिक्री घटने के बाद।
मुंबई में Tesla ने मेकर मैक्सिटी बिल्डिंग में 5 साल के लिए जगह लीज पर ली है, जिसका किराया ₹35 लाख प्रति माह है। यह भारत के सबसे महंगे कमर्शियल रेंट्स में से एक है। शोरूम में प्रीमियम कारें डिस्प्ले होंगी और टेस्ट ड्राइव की सुविधा भी मिलेगी।
इसके साथ ही Tesla कर्नाटक में वेयरहाउस बना रही है और गुरुग्राम में भी जगह लीज पर लेने की योजना है। फिलहाल कंपनी भारत में फैक्ट्री नहीं लगाएगी, बल्कि इंपोर्टेड गाड़ियों की बिक्री पर फोकस कर रही है।